लखनऊ-दिल्ली रेलमार्ग पर ककवाही व कोर्रिया गांव के बीच गुरुवार की शाम अप और डाउन ट्रैक पर मालगाड़ी और पैसेंजर की चपेट में आकर आठ गोवंशों की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद अंतरराष्ट्रीय हिंदू महासभा के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
पदाधिकारियों ने ट्रैक पर पड़े मृत गोवंशों को किनारे करवाया। रेलवे के अधिकारियों ने ट्रेनों का आवागमन सामान्य रूप से जारी होने की बात कही है। गुरुवार की शाम छुट्टा मवेशियों का एक झुंड ककवाही व कोर्रिया गांव के बीच लखनऊ दिल्ली रेलमार्ग पर आ गया।
इस दौरान हरदोई से निकली मालगाड़ी व दूसरे ट्रैक पर सामने से पैसेंजर आ गई। दोनों ट्रेनों की चपेट में आने पर आठ गोवंशों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
लगभग डेढ़ घंटे तक मृत मवेशी ट्रैक पर ही पड़े रहे, लेकिन रेलवे से कोई जिम्मेदार मौके पर नहीं पहुंचा। अंतरराष्ट्रीय हिंदू महासभा के युवा जिलाध्यक्ष अमन कुमार गुप्ता, मुकेश गुप्ता व शैलेंद्र पाल ने अन्य पदाधिकारियों के साथ पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से मृत गोवंशों को ट्रैक से किनारे करवाया।