हरदोई पहुंचे अखिलेश यादव ने भारत की आजादी में जिन्ना का योगदान बताया तो भाजपाई भड़क गए। भाजपा विधायक आशीष कुमार सिंह आशू ने कहा कि सपा मुखिया को देश जोड़ने और तोड़ने वालों के बीच अंतर पता होना चाहिए।
देश को आजाद कराने में सरदार पटेल के साथ जिन्ना के संघर्ष का बखान करने सपा मुखिया पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुरे फंस गए हैं। हरदाेई में दिए गए अखिलेश यादव के बयान पर भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है।
विज्ञापन
मल्लावां बिलग्राम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक आशीष कुमार सिंह आशू के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मल्लावां में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का पुतला फूंका। इस दौरान विधायक ने कहा कि सरदार पटेल के साथ जिन्ना का नाम जोड़कर अखिलेश यादव ने न सिर्फ सरदार पटेल का बल्कि पूरे पटेल समाज का अपमान किया है।
विधायक ने कहा कि जो व्यक्ति प्रदेश का मुख्यमंत्री रह चुका हो, उसे देश तोडने वाले और देश जोडने वाले का अंतर भी पता रखना चाहिए। ध्यान रहे कि मल्लावां बिलग्राम विधानसभा क्षेत्र के माधौगंज कस्बे में पटेल जयंती समारोह में रविवार को अखिलेश यादव ने कहा था कि आजादी के लिए सरदार पटेल, महात्मा गांधी, नेहरू और जिन्ना ने संघर्ष किया था। चारों को एक ही विचार धारा का बताकर एक साथ बैरिस्टर की पढ़ाई किए जाने की बात भी अखिलेश ने कही थी।