घटनास्थल पर जांच करते पुलिस अधिकारी। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। दो दिन पूर्व हरियाणा से टड़ियावां स्थित घर आने के लिए निकले अधेड़ की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शनिवार को उसका शव हरदोई-शाहजहांपुर रोड पर सैदपुर पुल के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। राहगीरों से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचना दी। परिजनों के आने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शनिवार की सुबह हरदोई शाहजहांपुर रोड पर सैदपुर पुल के पास अधेड़ का शव पड़ा मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक के सिर, घुटने और कोहनी पर चोट के निशान थे। हाथ पानी से भीगकर सिकुड़ गए थे। राहगीरों से सूचना पर पहुंची पुलिस ने तलाशी के दौरान मृतक के पास से मिले अभिलेखों से उसकी पहचान टड़ियावां कस्बा निवासी नन्हक्के (50) के रूप में हुई। सूचना मिलने पर बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि नन्हक्के के दो बेटे और तीन बेटियां हैं।
वह हरियाणा की प्राइवेट कंपनी में काम करता था। बताया कि दो दिन पहले शाहाबाद के ग्राम माजरी निवासी एक रिश्तेदार की मौत हो गई थी। इसकी सूचना मिलने पर दो दिन पहले ही हरियाणा से घर आने के लिए निकला था, लेकिन वह न तो ग्राम माजरी पहुंचा और न ही उसकी कोई सूचना मिली। शुक्रवार को टड़ियावां थाने में गुमशुदगी की सूचना भी दी थी। एसओ राजेश राय ने बताया कि परिजनों के आने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।