हरदोई। समग्र शिक्षा अभियान के तहत नि:शक्त बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए स्टाइपेंड फॉर गर्ल्स योजना शुरू की गई है। इसके तहत परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाली नि:शक्त बालिकाओं को दो सौ रुपये प्रतिमाह भत्ता दिया जाएगा। अब तक 42 छात्राओं के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
लाभार्थी को न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से नि:शक्त छात्राओं की सूची एकत्र की जा रही है।
इसके बाद इसे अनुमोदन के लिए जिला स्तरीय कमेटी के सामने रखा जाएगा। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक मौजूदा सत्र में 100 के करीब नि:शक्त बालिकाओं को भत्ता प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित है। जिला समन्वयक समेकित शिक्षा आशा वर्मा ने बताया कि अभी तक 42 आवेदन पूर्ण मिले हैं। चयन कमेटी द्वारा सत्यापन कराया जाएगा। पात्र बालिकाओं को भत्ता दिया जाएगा।