हरदोई। पाली थाना क्षेत्र में रूपापुर शुगर मिल स्थित गन्ना परिषद केंद्र पर डीएपी वितरण कर रहे गन्ना पर्यवेक्षक/केंद्र प्रभारी को बांधकर युवक ने पीट दिया। कर्मचारियों ने किसी तरह उन्हें बचाया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।
रूपापुर शुगर मिल परिसर में गन्ना विकास परिषद केंद्र संचालित है। केंद्र पर डीएपी खाद का वितरण किया जा रहा है। यहां तैनात राजकीय गन्ना पर्यवेक्षक/केंद्र प्रभारी हरिनारायण ने बताया कि शनिवार दोपहर वह गोदाम पर डीएपी खाद वितरण करने के लिए किसानों के आधार नंबर मशीन में फीड कर धनराशि जमा कर स्लिप दे रहे थे।
इसी दौरान हरपालपुर के ग्राम गौरिया निवासी अनूप सिंह ने कार्यालय आकर लात मारकर दरवाजा खुलवा लिया। कमरा बंद कर उन्हें पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में उनका चश्मा टूट गया। कार्यालय में पर्यवेक्षक से मारपीट होने की घटना से मौके पर भगदड़ मच गई। शोरगुल सुनकर ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक व अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंच गए।
कर्मचारियों ने किसी तरह दरवाजा खुलवाकर उन्हें बचाया। इसी बीच मौका पाकर आरोपी कार से फरार हो गया। पीड़ित ने खाद वितरण बंद कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह ने मौके पहुंचकर घटना की जांच की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।