फोटो-21- पूर्व सांसद सुरेंद्र पाल पाठक की फाइल फोटो।
- फोटो : HARDOI
हरदोई। वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व सांसद सुरेंद्र पाल पाठक का मंगलवार दोपहर निधन हो गया। वे 79 वर्ष के थे और पिछले कुछ माह से बीमार चल रहे थे। उनका अंतिम संस्कार बुधवार को पैतृक गांव अहिरोरी विकास खंड के मधवापुर में किया जाएगा।
शहर के प्रतिष्ठित व्यापारी रहे सुरेंद्र पाल पाठक वर्ष 1991 में भाजपा प्रत्याशी के रूप में तत्कालीन शाहाबाद लोकसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए थे।
उनकी गिनती भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के अति करीबी लोगों में होती थी। उनकी पत्नी लीला पाठक विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं से जुड़ी हुईं हैं और लगातार सक्रिय रहती हैं।
उनके पुत्र शोभित पाठक उर्फ सनी ने बताया कि पूर्व सांसद को जबड़े में कैंसर की शिकायत थी। बीती 31 मार्च को दिल्ली के एक प्रसिद्ध अस्पताल में उनका ऑपरेशन भी कराया गया था।
हालत सामान्य होने पर आठ अप्रैल को परिजन उन्हें वापस हरदोई स्थित आवास पर ले आए थे। मंगलवार को दोपहर में अचानक उनकी हालत बिगड़ गई और कुछ देर बाद ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
उनकी विवाहित पुत्री शिल्पी अवस्थी मिसेस इंटरनेशनल रह चुकी है। पूर्व सांसद के निधन की जानकारी से उनके परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
सोशल मीडिया पर उन्हें लोगों ने अपने-अपने तरीके से श्रद्धांजलि दी। शोभित पाठक ने बताया कि अंतिम संस्कार बुधवार को पैतृक गांव मधवापुर में किया जाएगा।