संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से पोषण माह का शुभारंभ हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष ने डीएम व सीडीओ के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों के पांच भवनों के शिलापट का लोकार्पण व 101 भवनों की आधारशिला रखी। कुपोषण के खात्मे पर जोर दिया गया। गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और छह माह के बच्चों के अन्नप्रासन की रस्म पूरी की गई।
गांधी भवन में पोषण माह के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण को देखा व सुना गया। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने कहा कि सरकार ने भारत को सुपोषित, साक्षर व सशक्त बनाने के लिए इसे पोषण माह की थीम बनाया है। अभिभावक बच्चों को स्वस्थ बनाने के लिए विशेष प्रयास करें। डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि कार्यक्रम निर्धन परिवारों को समर्पित है।
केंद्रों पर समय से पोषाहार वितरण किया जाए। केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। सीडीओ सौम्या गुरूरानी ने कहा कि महिलाओं को पोषक तत्वों की अत्यंत आवश्यकता रहती है। गर्भावस्था के दौरान विशेष ध्यान रखना चाहिए।
कार्यक्रम का संयोजन जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार ने किया। बताया कि दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, दो बच्चों का अन्नप्रासन कराया गया है। एचसीएल के शशिकांत ने कुपोषित श्रेणी से सामान्य श्रेणी में आने वाले छह बच्चों को पोषण किट दी। संचालन सीडीपीओ रजनीश चौधरी ने किया। सीडीपीओ अनुराग सिंह सहित सीडीपीओ, सुपरवाइजर व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका मौजूद रहीं।