हरदोई। सर्कुलर रोड पर एक कबाड़ की दुकान में बने गोदाम के पीछे सूखे तालाब में डाले गए कूड़े में आग लग गई।
कूड़ा सुबह से सुलग रहा था, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। अचानक आग भड़कने से दुकान मालिक में खलबली मच गई। लपटें उठतीं देख आसपास के लोगों की मदद से आग को बुझाने का प्रयास किया गया। लगातार आग बढ़ने पर दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाकर गोदाम को सुरक्षित किया।
आग की घटना को नजरअंदाज करने की लापरवाही एक बड़े हादसे का सबब बन सकती थी। शुक्रवार को सर्कुलर रोड पर बिलग्राम चुंगी जाने वाले मार्ग पर कबाड़ की कई दुकानें हैं। दुकान संचालित करने वालों ने दुकान के पीछे ही गोदाम बना रखा है। इसमें काफी मात्रा में कबाड़ पड़ा है। इसी कबाड़ में बचा सामान यह लोग पीछे ही सूखे पड़े तालाब में फेंकते रहते हैं। इससे वहां पर भी कूड़े का ढेर लग गया।
जानकारी के अनुसार असद स्क्रैप ट्रेडर्स की दुकान व गोदाम सूखे तालाब के पास ही है। बताया कि शुक्रवार सुबह से ही कूड़े से धुआं निकल रहा था। इस पर ध्यान नहीं दिया गया। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अचानक धुएं ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते लपटें उठने लगीं। आग लगते ही दुकान मालिक गुड्डू और अन्य लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। कूड़े में पड़े प्लास्टिक व अन्य सामान की वजह से आग लगातार बढ़ती जा रही थी। आग काबू होते न देख दमकल को करीब एक घंटे बाद जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया और गोदाम को सुरक्षित किया।
गोदाम तक पहुंचती आग तो हो जाता बड़ा हादसा
हरदोई। गनीमत रही कि गोदाम तक आग नहीं पहुंची। गोदाम में एक मंजिल की ऊंचाई तक कबाड़ लगा हुआ था। इसमें प्लास्टिक और लोहे के सामान के अतिरिक्त लकड़ी का भी काफी सामान एकत्रित है। हवा भी दूसरी ओर चल रही थी और समय रहते दुकान मालिक व सहयोगियों ने आग पर काबू पा लिया। एक बार गोदाम तक आग पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।