हरपालपुर। अरवल थाना क्षेत्र के ग्राम हन्नामऊ में मंगलवार सुबह फसल की सिंचाई करने गया किसान शाम को खेत में बेहोश पड़ा मिला। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने विवाद में पड़ोसी खेत मालिक पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अरवल थाना क्षेत्र के ग्राम हन्नामऊ निवासी हरीराम (40) खेती करता था। वह मंगलवार सुबह खेत गया था। देर शाम तक घर वापस न आने पर परिजन उसे तलाश करते खेत पर पहुंचे। खेत में हरीराम बेहोशी पड़ा मिला। परिजन आनन-फानन उसे जिला अस्पताल लेकर आए लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। रात में शव लेकर परिजन गांव पहुंचे।
मृतक के भाई जोगिंदर ने बताया कि पड़ोसी के खेत से पाइप निकालकर हरीराम अपने खेत में पानी ले जा रहा था। इसी दौरान पड़ोसी से विवाद हो गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने विवाद में हरीराम का गला दबा दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मृतक के परिवार में पत्नी सुनीता, पुत्र राजीव, पुत्री सीमा, सोनी, शिवांकी हैं। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। एसओ राजपाल सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।