हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र के निभिया खेड़ा गांव में शुक्रवार की रात कमरे में चारपाई पर सो रहे वृद्ध किसान की जिंदा जलकर मौत हो गई। परिजनों ने बीड़ी की चिंगारी से हादसा होने की बात कही। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम निभिया खेड़ा निवासी सरजू प्रसाद (85) खेतीबाड़ी करते थे। उसको प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास मिला था, जिसमें सरजू अकेले रहते थे, जबकि अन्य परिवार के सदस्य पुराने मकान में रहते हैं।
शुक्रवार को रात सरजू कमरे के अंदर चारपाई पर सो रहा था। देर रात संदिग्ध हालात में आग लगने से चारपाई पर उनकी जिंदा जलने से मौत हो गई। सुबह चाय लेकर गए पौत्र विमल ने अधजला शव पड़ा देखा। विमल के शोर मचाने पर परिजन व पड़ोसी मौके पर आ गए।
सरजू के बड़े बेटे अवधेश ने बीड़ी की चिंगारी से बिस्तर में आग लगने से हादसा होने की बात कही है। परिजनों नेे किसी पर आरोप लगाने से भी इनकार कर दिया है। मृतक के परिवार में दो बेटे है।
परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना गांव में उनका अंतिम संस्कार कर दिया। थानाध्यक्ष हरिशंकर प्रजापति ने बताया कि घटना संज्ञान में है। परिजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी थी। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।