सांडी। भारी बारिश के दौरान कच्ची मिट्टी की दीवार व छप्पर पर गिरने से घायल हुए वृद्ध की चार दिन बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। थाना क्षेत्र के ढोंढपुर निवासी वृद्ध का लखनऊ ट्रॉमा सेंटर से जवाब मिलने के बाद परिजन मंगलवार को उन्हें लेकर घर आ गए थे। देर रात उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के ढोंढपुर गांव निवासी गजोधर (65) किसान थे। बीते शुक्रवार को भारी बारिश के दौरान पड़ोसी बाबूराम की कच्ची मिट्टी की दीवार और छप्पर गिर गया था। गजोधर उसके मलबे में दब कर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए थे। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में भी हालत में सुधार न होने पर उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया था।
ट्रॉमा सेंटर में उनका इलाज चल रहा था लेकिन मंगलवार को वहां से भी जवाब दे दिया गया। परिजन उन्हें लेकर घर आ गए थे, देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बुधवार को पोस्टमार्टम कराया। गजोधर के दो पुत्र व एक पुत्री है। प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज कुशवाहा ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।