फोटो-14-शहर के एक प्रतिष्ठान में पूजन के दौरान विराजमान श्री गणेश व लक्ष्मी की मूर्तियां। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। दिवाली पर गुरुवार को घरों से लेकर दुकानों तक में शुभ मुहूर्त पर माता लक्ष्मी व भगवान गणेश की पूजा की गई। वहीं रोशनी से जगमग मंदिरों में भी पूजन पाठ चलता रहा। शाम होते ही बच्चों ने भी कहीं फुलझड़ी तो कहीं पटाखे फोड़ कर दीपोत्सव पर्व मनाया।
गुरुवार को दिनभर बाजारों में रौनक रही। घरों में भी लोग साज सज्जा में जुटे रहे। शाम को पूजन से पहले दीवाल पर ईश चिह्न बनाया गया। उत्तर, दक्षिण, पूर्व व पश्चिम चारों तरफ इसका प्रयोग किया गया। केसर, हल्दी व सिंदूर से पूजा की जगह तैयार कर पूजन थाली में कौड़ी को रख परंपरा का निर्वहन किया गया। शास्त्री उमाकांत अवस्थी ने बताया कि कौड़ी को लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी में रखने से धन का लाभ होता है। इसके साथ ही मंत्रोच्चारण के साथ गणेश लक्ष्मी का विधि विधान से पूजन कर घर को दियों से रोशन किया गया।
हरदोई। दिवाली पर घर को रोशन करने के लिए तरह-तरह की तैयारियां की गईं। बिजली की झालरों से घरों की सजावट की गई। इसके अतिरिक्त भी लोगों ने घर की सजावट कई ढंग से की। दिवाली पर घर के आंगन व चौखट में रंगोली बनाई गई। जिसे दीपों से सजाया गया। रंगोली की सजावटों ने लोगों को प्रभावित किया। दीपों से सजाई हुई रंगोली लोगों ने अपने घर की चौखट और आंगन पर बनाई। जिसमें उन्होंने दीयो को बड़े ही सुंदर ढंग से सजाया।