हरदोई। चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। हरदोई डिपो से 15 अगस्त से चंडीगढ़ के लिए सीधी बस सेवा शुरू होगी। शासन से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद यह सेवा शुरू की जा रही है।
अब यात्रियों को बीच रास्ते में बस बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह बस हरदोई से हरिद्वार होते हुए चंडीगढ़ जाएगी। बस हरदोई डिपो से दोपहर करीब तीन बजे से चलेगी। हरदोई से चंडीगढ़ की दूरी 608 किलोमीटर है। इस सीधी बस सेवा से हरदोई और आसपास के जिलों के यात्रियों को लाभ मिलेगा। नौकरी, कारोबार और पढ़ाई के लिए जाने वाले यात्रियों का समय और परेशानी दोनों बचेंगे। डिपो को भी इस नए रूट से आय बढ़ने की उम्मीद है। डिपो प्रभारी वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि शासन से स्वीकृति मिलने के बाद 15 अगस्त से हरदोई से चंडीगढ़ के लिए बस सेवा शुरू की जा रही है। (संवाद)