कछौना। लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर बृहस्पतिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोतवाली क्षेत्र के कटियामऊ के पास एक बाइक ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस दुर्घटना में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
लोन्हारा निवासी मिथलेश (42) व साथी मजदूर विनोद (38) संडीला के औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्टरी में मजदूरी करते थे। बृहस्पतिवार रात वह बाइक से काम पर जा रहे थे। लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर कटियामऊ गांव के पास उनकी बाइक आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मिथलेश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत भाग हो गया। विनोद को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि मिथलेश के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।