हरदोई। जिले के लोगों को जल्द ही डिजिटल लाइब्रेरी का तोहफा मिलने जा रहा है। इससे माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ अन्य विद्यार्थियों को भी लाभ मिलेगा।
शासन की ओर से माध्यमिक शिक्षा विभाग को डिजिटल लाइब्र्रेरी बनाने की स्वीकृत प्रदान की गई है। यह लाइब्रेरी एक हजार वर्ग मीटर में बनाई जाएगी। लाइब्रेरी पूर्ण रूप से डिजिटल होगी।
विभागीय सूत्रों के अनुसार लाइब्रेरी का निर्माण जीआईसी परिसर में हो सकता है। इसके लिए विभाग की ओर से प्रशासन से स्थान की मंजूरी के लिए पत्रावली भेजी गई है। स्थान का चयन होने के उपरांत लाइब्रेरी का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इस लाइब्रेरी के निर्माण पर 12 से 15 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक बाल मुकुंद प्रसाद ने बताया कि डिजिटल लाइब्रेरी के लिए स्थान के चयन के संबंध में प्रक्रिया चल रही है। इस पर जल्द ही निर्णय हो जाएगा। भूमि का चिह्ननीकरण होने के उपरांत लाइब्रेरी का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।