50 प्रतिशत विकलांगता वाले विकलांगों को आवास दिलाने
सहित विकलांग हित की विभिन्न मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश विकलांग मंच के
बैनर तले विकलांगों ने शनिवार को कलक्ट्रेट परिसर में जमकर प्रदर्शन किया
तथा एक तीन सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंप कार्रवाई कराने की मांग की।
इस
दौरान कलक्ट्रेट में धरनो को संबोधित करते हुए विकलांग मंच के जिलाध्यक्ष
मनोरमा कश्यप ने कहा कि गरीब असहाय विकलांगों को कंबल वितरण कराया जाए,
ताकि वह ठंड से अपने आप को बचा सके। उन्होंने कहा कि शहर में शिविर लगाकर
कंबलों का वितरण किया जाए।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि जो 50 फीसदी से ज्यादा
विकलांग हैं और उनके पास प्रमाण पत्र उपलब्ध हैं, तो उन्हें आवास दिलाया
जाए। मंच जिलाध्यक्ष ने कहा कि परिवहन निगम द्वारा विकलांगों को बसों पर
यात्रा कराए जाने से मना किया जाता है। आरोप लगाया कि आए दिन यात्रा को
लेकर विकलांगों व बस कंडेक्टरों के साथ में झगड़े की नौबत आ जाती है तथा
उन्हें परेशान किया जाता है।
इस दौरान विकलांगों ने नारेबाजी की तथा एक तीन
सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी रमेश मिश्र को सौंपकर कार्रवाई कराने की मांग
की है। ज्ञापन लेकर जिलाधिकारी ने परिवहन निगम द्वारा विकलांगों की यात्रा
में हो रही परेशानियों को दूर कराए जाने की आश्वासन दिया। इस मौके पर
शिशुपाल, राजीव त्रिवेदी, ध्रुव कुमार, शिव प्रकाश त्रिवेदी, लाल बाबू,
कपिल कुमार, हेतराम और अविनीश कुमार आदि मौजूद थे।