हरदोई। जिले में डेंगू का कहर लगातार बढ़ रहा है। जिला अस्पताल की पैथालॉजी में दो दिन में डेंगू के लिए 366 रोगियों के नमूने लिए गए। जिनमें 115 रोगियों में डेंगू की पुष्टि हुई है। वहीं डेंगू के रोगी बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग के रोकथाम के उपाय बेअसर साबित हो रहे हैं।
जिले में बुखार का प्रकोप थम नहीं रहा है। मलेरिया व टायफाइड से लोगों को कुछ हद तक राहत मिली है, लेकिन इन दिनों डेंगू कहर बरपा रहा है। जिला अस्पताल की पैथालॉजी में जांचों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। पैथालॉजी के आंकड़ों के मुताबिक एक सप्ताह से डेंगू की 140 से 150 जांचे हो रही थी, लेकिन पिछले दो दिन में 366 के नमूने लिए गए।
वहीं स्वास्थ्य विभाग डेंगू की रोकथाम करने में असहाय साबित हो रहा है। लैब टेक्नीशियन कुलदीप सिंह देव ने बताया कि इस बार डेंगू की सबसे ज्यादा जांचें हो रही हैं। एलाइजा टेस्ट से डेंगू की जांचें की जा रही हैं। जिसके कारण देर रात काम करना पड़ रहा है।
हरदोई। जिला अस्पताल की पैथालॉजी में इन दिनों जांच की संख्या बढ़ रही है। गुरुवार को पैथालॉजी में मरीजों की भीड़ उमड़ी। सुबह 8 बजे से 11 बजे तक 320 मरीजों के रक्त के नमूने लिए गए। पैथालॉजी के कर्मचारियों ने बताया कि गुरुवार की जांचों की संख्या ने वर्षों का रिकार्ड तोड़ दिया है।