शाहाबाद। कस्बे के मौलागंज निवासी एक अधेड़ की स्वाइन फ्लू के चलते मौत हो गई। स्वाइन फ्लू से मौत होने का पता चलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई। टीम ने वृद्ध के घर पहुंचकर परिजनाें में दवा का वितरण किया। उधर, दूसरी ओर आस पड़ोस में रहने वाले लोग दहशत में है।
मौलागंज निवासी 58 वर्षीय शकील बीती 25 जून को बीमार हो गया था। उसकी छाती में दर्द हो रहा था। सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। इसके चलते परिजनाें ने उसे शाहजहांपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्प्ताल में हालत बिगड़ने पर उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था।
वहां अलग अलग स्तर पर जांच की गई। 30 जून को शकील के स्वाइन फ्लू से पीड़ित होने का पता चला। इसके बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने उसे स्वाइन फ्लू के लिए बनाए गए विशेष वार्ड में भर्ती करा दिया। हालत में सुधार न होने पर मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने परिजनों ने फार्म पर हस्ताक्षर कराने के बाद शकील को डिस्चार्ज कर दिया।
परिजन उसे लेकर घर वापस आ रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। शकील की मौत की जानकारी मिलने पर उपमुख्य चिकित्साधिकारी डॉ विजय सिंह, संक्रामक रोग की रोकथाम के प्रभारी डॉ. सीबी सिंह, डॉ मोनीश की टीम शकील के घर पहुंची। शकील के परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाई वितरित की गई।
उधर, दूसरी ओर शकील की मौत से परिजनाें में कोहराम मच गया। शकील के मोहल्ले में रहने वाले अन्य लोगों में दहशत घर कर गई है। लोगों का मानना है कि संक्रामक रोग होने के कारण स्वाइन फ्लू तेजी से फैलता है। इसीलिए दहशत हुई है।