हरदोई। जिले के विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। बिलग्राम चुंगी पर स्थित कृषि महाविद्यालय का संचालन अगले सत्र से शुरू होने की उम्मीद है। मंगलवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर की टीम ने कृषि महाविद्यालय का निरीक्षण किया। बताया कि बुधवार को ही विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
सपा शासनकाल में उक्त महाविद्यालय को सदर विधायक नितिन अग्रवाल के प्रयास से मंजूरी मिली थी, लेकिन संचालन शुरू नहीं हो पा रहा था। बीते दिनों विधानसभा उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल ने अगले शैक्षिक सत्र से महाविद्यालय में कक्षाएं शुरू होने की बात कही थी। कहा था कि शासन स्तर पर वार्ता हो गई है।
कृषि शिक्षा अनुसंधान विभाग के निर्देश पर चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की टीम ने मंगलवार को कृषि महाविद्यालय का निरीक्षण किया। टीम में विश्वविद्यालय के डीन डॉ. डीआर सिंह, डॉ. मुनीश गंगवार और आरके कौशिक शामिल रहे। डॉ. डीआर सिंह ने बताया कि भारतीय कृषि शोध परिषद नई दिल्ली की ओर से कृषि महाविद्यालय के संचालन करने के लिए कुछ मानक तय हैं। इनमें महाविद्यालय का भवन, कृषि कार्यों के लिए प्रयोगशाला/ फॉर्म हाउस आदि शामिल हैं। इसी के बारे में निरीक्षण किया गया है।
विधान सभा उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल ने कहा कि जनपद में बड़ी संख्या में ऐसे विद्यार्थी हैं, जो कृ षि विषय से उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं। इसी के कारण महाविद्यालय की स्वीकृति दिलाई गई थी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगला शैक्षिक सत्र यहां शुरू हो जाएगा।