पाली (हरदोई)। थाना क्षेत्र में रविवार रात युवक की हत्या कर दी गई। उसका शव थाना क्षेत्र में कटरा-बिल्हौर हाईवे पर सरसई गांव के खेताें में मिला। युवक की गर्दन व हाथों में खरोंच के निशान हैं और पैर नंगे हैं। पुलिस ने शिनाख्त के लिए शव मोर्च्युरी में रखवाया है।
पाली थाना क्षेत्र में कटरा-बिल्हौर हाईवे पर सरसई गांव के ग्रामीण सोमवार सुबह करीब 6 बजे खेतों की तरफ शौच करने निकले थे। ग्रामीणों ने हाईवे के किनारे रामचंद्र के खेत में युवक (30) की लाश मिली।
युवक की लाश मिलने की जानकारी होते ही घटना स्थल पर भीड़ इकट्ठा हो गई। युवक के गले में गमछा है। उसकी गर्दन और दोनों हाथों पर खरोंच के निशान हैं। वह काली पैंट और धारीदार शर्ट पहने है।
युवक के दोनों पैरों में चप्पल या जूता नहीं था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक की जहर खिलाकर हत्या की गई है। सूचना पर एसओ सत्य प्रकाश पहुंचे। युवक की पहचान के लिए कपड़ों की तलाशी ली, लेकिन तलाशी में कुछ नहीं मिला।
जिसके आधार पर युवक की पहचान होती। एसओ ने युवक को जहर खिलाकर मारने और शव हाईवे के किनारे खेत में डालने की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि पहचान के लिए शव मोर्च्युरी में रखवाया गया है। 72 घंटे बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।