राठ सीएचसी अधीक्षक डा. आरपी वर्मा को जानकारी देते चिकित्सक।
- फोटो : Amar ujala
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार रात एक शराबी युवक ने जमकर हंगामा काटा। युवक ने अस्पताल के दो चिकित्सकों और स्टाफ नर्स को पीट दिया। जिससे अस्पताल में भर्ती मरीजों में हड़कंप मच गया। मौजूद तीमारदारों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह उनसे गाली गलौज करने लगा। इस पर तीमारदारों ने उसे जमकर धुना। उधर, सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। चिकित्सकों ने थाने में युवक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार रात डा. महेंद्र वर्मा की इमरजेंसी ड्यूटी थी। रात करीब साढे़ ग्यारह बजे जालौन जिले के ददरी गांव निवासी उदयभान अपनी डेढ़ साल की बच्ची नम्रता को लेकर आया और ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक से पेट में दर्द होने की बात कही। डा. महेंद्र वर्मा ने बताया कि उसने बच्ची का इलाज कर दवाएं दे दीं। बताया कि कुछ देर बाद युवक शराब के नशे में फिर अस्पताल आया और पानी की मांग करने लगा। इस पर जब चिकित्सकों ने कहा कि अस्पताल के बाहर नल लगा है, तो इस पर वह हंगामा काटने लगा।
युवक ने महिला वार्ड में घुसकर ड्यूटी पर तैनान स्टाफ नर्स ललिता सचान को पीट दिया। जिससे वार्ड में भर्ती महिला मरीजों में भगदड़ मच गई। डिलेवरी के लिए आईं महिलाएं और उनके परिजन यहां वहां भागने लगे। डा. महेंद्र वर्मा ने बताया कि इसी बीच डा. रविप्रताप और डा. अमित आए तो युवक ने उन्हें भी पीटा। हंगामा देख अस्पताल में भर्ती मरीजों के तीमारदारों ने रोका तो उन्हें भी गाली गलौज करने लगा। इस पर नाराज तीमारदारों ने नशेबाज को पकड़कर जमकर धुना। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। चिकित्सकों ने अस्पताल के अधीक्षक डा. आरपी वर्मा को इसकी जानकारी दी। कोतवाली पुलिस ने कहा कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।