अन्नप्राशन संस्कार से लौट रहे ग्रामीणों की ट्रैक्टर ट्राली टड़ियावां थाने के करवनताली गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। 19 लोग घायल हुए हैं। जिला अस्पताल लाए गए घायलों में सात को गंभीर अवस्था में लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है।
टड़ियावां थानांतर्गत डगरहा गांव में बरमदेव का स्थान है। बघौली थाने के अठवा गांव निवासी अनूप (40) अपने बेटे का अन्नप्राशन संस्कार कराने के लिए रिश्तेदारों केे साथ ट्रैक्टर ट्राली से यहां आए थे। देर शाम लौटते समय हरदोई-सीतापुर रोड पर हादसा हुआ तो अनूप की बहन दूर जाकर गिरी और बाकी लोग ट्रॉली के नीचे दब गए। अनूप की बहन ही भागकर करवनताली गांव पहुंची और ग्रामीणों को सूचना दी।
ग्रामीणों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना देने के साथ ट्राली सीधी कर घायलों को निकाला। इस हादसे में घायल 21 लोगों को पुलिस ने एंबुलेंस, बस और अपनी जीप से जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने विमला (30) पत्नी जयशंकर और फूलमती (60) पत्नी रामविलास को मृत घोषित कर दिया।
रामगुनी (30) पत्नी सर्वेश, शांति (60) पत्नी रामदास, आरती (25) पत्नी नीरज, शालिनी (12) पुत्री सत्यपाल, लक्ष्मण (35) पुत्र रामेश्वर, रामश्री (35) पुत्र प्रकाश, कलावती (60) पत्नी तोताराम को ट्रामा सेंटर लखनऊ ले जाया गया है। अन्य 12 घायल जिला अस्पताल में इलाज करा रहे हैं।