भरावन। अतरौली थाना पुलिस ने रविवार रात दो ट्रकों से ले जाए जा रहे 163 गोवंश पकड़े हैं। ट्रकों में गोवंश की सींघ और धारदार हथियार भी मिले हैं। ट्रक के चालक मौके से भाग निकले। पुलिस ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अतरौली पुलिस ने रविवार रात करीब दो बजे कोथावां की ओर जा रहे दो ट्रकों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर चालकों ने ट्रकों की स्पीड बढ़ा दी। पुलिस ने पीछा किया तो अजमतपुर गांव के पास तस्कर ट्रक खड़े कर भाग निकले। दोनों ट्रकों में 163 गोवंश भरे थे। इसके अलावा गोवंश के कुछ सींघ और सात चापड़ भी मिले।
थानाध्यक्ष संजय मौर्या का कहना है कि आसपास के जंगलों से तस्करों ने गोवंश ट्रकों में भरे होंगे। अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। उधर, गोवंश बरामदी की सूचना पर सपा नेता डा. अश्वनी सिंह, दिनेश चौहान, ज्ञानेंद्र सिंह, अखंड प्रताप सिंह, कौशलेंद्र सिंह, देवानंद त्रिपाठी, रामजी द्विवेदी, संगीत बाजपेई, मौके पर पहुंचे और एसओ ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।