हरदोई। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो की मौत हो गई। वहीं दंपति समेत आठ घायल हो गए। तीन की हालत गंभीर होने पर उनको लखनऊ रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे।
कासिमपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला गंज के बेंहदर कला निवासी हसरथ (20) अपने मामा रिजवान (26) के साथ ननिहाल रिठवाई गांव जा रहा था। शुक्रवार की देर रात कासिमपुर-माडर मार्ग पर बड़ा गांव के पास सामने से दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। इसमें हसरथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रिजवान गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, दूसरी बाइक सवार सत्य प्रकाश निवासी गोड़वा मलिहाबाद घायल हो गया। घायलों को स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां पर हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भाई इशरत ने बताया कि वह चार भाई थे।
इधर, शनिवार को बेटी का पेपर दिलाने बाइक से जा रहे दंपति को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक अनिल द्विवेदी (42) व उनकी पत्नी राजसुंदरी (40) घायल हो गईं। बेटी बाल-बाल बच गई। आसपास के लोग उन्हें नर्सिंग होम ले गए। उधर, सुरसा थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी रामेंद्र प्रसाद (50)े, पचदेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम धर्मपुर निवासी प्रदीप (18) और शाजहांपुर के थाना काठ के सिकरहना निवासी विकास (18) सड़क हादसे में घायल हो गए। उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं, लोनार थाना क्षेत्र के ग्राम तेरिया के पास हिरण को बचाने में दो बाइक आमने सामने में टकरा गई। इससे बाइक सवार लोनार थाना क्षेत्र के ग्राम तरंगा पुर निवासी भोला (60) और उसका पुत्र आदेश (20) गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरी बाइक पर सवार लोनार थाना क्षेत्र के ग्राम इटाहा निवासी प्रशांत (22) और उनका बहनोई मनोज (40) निवासी कायमपुर थाना हरियावां गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां आदेश की मौत हो गई, वहीं मनोज को लखनऊ रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे जिस कारण उनके सिर में गहरी चोटें आई हैं।