स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को संतनगर में छापा मारकर एक झोलाछाप महिला डॉक्टर को गर्भपात करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। टीम ने एक महिला के पास डमी ग्राहक बनाकर भेजा था। जिले में इस तरह की कार्रवाई का यह सातवां मामला है। स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार दोपहर को सेक्टर-छह के नजदीक स्थित संतनगर में छापा मारकर महिला झोलाछाप डॉक्टर लक्ष्मी को गर्भपात करते रंगे हाथ पकड़ लिया।
लक्ष्मी की किसी महिला ने सीएम विंडो पर शिकायत दी थी। प्रशासनिक अधिकारियों ने इसकी जांच स्वास्थ्य विभाग को सौंपी। सीएमओ डॉ. इंद्रजीत धनखड़ ने डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुधीर बतरा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। नायब तहसीलदार राजबीर को ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्लानिंग के अनुसार शुक्रवार को लक्ष्मी के पास गर्भपात कराने के लिए एक डमी ग्राहक भेजी। डमी ग्राहक ने लक्ष्मी को पहले दो बच्चे होने के कारण गर्भपात कराने की बात कही। लक्ष्मी ने डमी ग्राहक से गर्भपात करने के एवज में तीन हजार रुपये मांगे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डमी ग्राहक को शनिवार को एक हजार के तीन नोट दिए।
तीनों नोटों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट राजबीर सिंह के हस्ताक्षर थे। डमी ग्राहक शनिवार दोपहर को संतनगर में लक्ष्मी के पास पहुंची। झोलाछाप डॉक्टर लक्ष्मी गर्भपात की पूरी तैयार कर चुकी थी। डमी ग्राहक को बैंच पर लिटाया जा चुका था। इसी दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्रवाई कर लक्ष्मी को काबू करते हुए उससे गर्भपात करने के काम आने वाले औजार और नोट बरामद कर लिए। स्वास्थ्य विभाग की टीम में डॉ. सुधीर बत्रात, ड्रग इंस्पेक्टर परविंद्र मलिक व डॉ.शालिनी मेहता मौजूद रहे।
टीम को पैसे देने से किया इनकार
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लक्ष्मी को मौके पर दबोचकर उससे पैसे वापस देने को कहा। इस पर लक्ष्मी ने पैसे देने से इनकार करते हुए कहा कि ये पैसे उसके हैं। बाद में उसने कहा कि ये पैसे वह सोसायटी से लेकर आई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नोटों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के हस्ताक्षरों का हवाला दिया, इसके बाद भी लक्ष्मी काफी देर तक नहीं मानी। बाद में कहीं जाकर लक्ष्मी ने पैसे लौटाए।
निजी अस्पताल में सीखा गर्भपात करना
पूछताछ में लक्ष्मी ने बताया कि उसने काफी समय तक एक निजी अस्पताल में काम किया था। वहीं पर उसने गर्भपात कराना सीखा। पैसे कमाने के लिए वह इस कार्य में लग गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संतनगर निवासी महिला को गर्भपात करते हुए पकड़ा है। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
सुधा, एएसआई, महिला थाना पुलिस।
स्वास्थ्य विभाग को सीएम विंडो द्वारा सूचना मिली थी कि संतनगर में एक महिला झोलाछाप डॉक्टर गर्भपात जैसा गैरकानूनी काम करती है। उन्होंने इसके लिए टीम का गठन किया। एक डमी ग्राहक को गर्भपात करवाने के लिए भेजा गया था। उन्होंने लक्ष्मी नाम की महिला को गर्भपात करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया है। आरोपी झोलाछाप डॉक्टर को पुलिस को सौंप दिया गया है।
डॉ.सुधीर बतरा, डिप्टी सिविल सर्जन पानीपत।