हरदोई । सरकारी भूमि पर कब्जा जमाए लोगों के विरुद्ध चल रही कार्यवाही तेज हो गई है। जिले में प्रशासन ने 16 भूमाफिया चिह्नित कर लिए हैं। चिन्हित भू-माफियाओं में टड़ियावां के ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान के अलावा समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव भी शामिल हैं । सूबे में सपा की सरकार रहने के दौरान सपाइयों ने जो जमीन सरकारी है वो जमीन हमारी है के नारे को अंगीकृत किया। शायद यही कारण है कि जब एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स ने चिन्हांकन शुरू किया तो सपा के जिला महासचिव सबसे बड़े भूमाफिया के रुप में चिह्नित किए गए।
सूबे में सत्ता परिवर्तन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों को चिह्नित करने का फरमान जारी किया था । इसके साथ ही यह निर्देश भी दिए गए थे कि सरकारी भूमि को जल्द से जल्द कब्जा मुक्त कराया जाए। इस पूरी कवायद को अमलीजामा पहनाने के लिए सभी जनपदों में एंटी-भू माफिया टास्क फोर्स का गठन भी किया गया था । टास्क फोर्स को जिम्मेदारी दी गई थी कि अवैध कब्जों को चिह्नित करें और भूमाफियाओं को भी चिह्नित कर उनके नाम शासन को भेजें ताकि आगे की कार्यवाही की जा सके।
इसी क्रम में जिला प्रशासन ने जनपद में फिलहाल 16 भूमाफिया चिह्नित किए हैं। सभी भू-माफिया सवायजपुर, बिलग्राम ,शाहाबाद और सदर तहसील क्षेत्र के हैं। संडीला में एक भी भू माफिया चिह्नित नहीं हुआ है। महत्वपूर्ण बात ये है कि जिले में सबसे बड़े भू-माफिया के रूप में समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव वीरेंद्र सिंह यादव उर्फ वीरे का नाम सामने आया है। वीरे यादव ने सवायजपुर तहसील क्षेत्र में 11 हेक्टेयर से अधिक भूमि को कब्जे में ले रखा है । भूमाफिया के रूप में टड़ियावां के ब्लॉक प्रमुख और शराब कारोबारी बंशीलाल को भी चिह्नित किया गया है। बंशीलाल के साथ-साथ उनके भाई विनोद कुमार, पुत्र अनुराग और भतीजे अमित को भी भू-माफिया के रूप में चिह्नित किया गया है।
किस भू-माफिया ने कितनी कब्जाई भूमि
वीरेंद्र सिंह यादव (11.6290 हेक्टेयर), गिरीश दीक्षित (5 हेक्टेयर), राम निवास (4.300हेक्टेयर), कल्लू उर्फ महेंद्र (4.200 हेक्टेयर), विशेश्वर सिंह (3 हेक्टेयर), सल्हारी (2.447 हेक्टेयर), जवाहर (1.705 हेक्टेयर), सुरेश(1 हेक्टेयर), अमर सिंह (1 हेक्टेयर), वीर सिंह यादव (0.8583 हेक्टेयर), इंद्रपाल (0.104 हेक्टेयर)
(नोट: बंशीलाल , विनोद कुमार, अनुराग, अमित,गोविंद के संयुक्त कब्जे में 0.266हेक्टेअर भुमि चिहिन्त की गई है।)