संडीला। कोतवाली क्षेत्र के लूमामऊ मोड़ पर मिली नगभन महिला की लाश लग्जरी गाड़ी से आए लोगों ने जलाई थी। ग्रामीण सुबह एक लग्जरी गाड़ी देखने की बात कह रहे हैं। हालांकि पुलिस के भय से लोग खुलकर नहीं बोल रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार बेनीगंज की ओर से आई कार मोड़ पर रुकी फिर लूमामऊ की ओर गई। कुछ ही देर में तेज रफ्तार मे लौटी और संडीला की ओर निकल गई थी। कोहरे के कारण लोग सबकुछ साफ नहीं देख पाए। कोतवाली पुलिस ने आसपास के थानों व जिलों को सूचना दे दी है लेकिन अभी कोई महिला की शिनाख्त करने नहीं पहुंचा।
बेनीगंज-संडीला रोड स्थित लूमामऊ मोड़ पर शुक्रवार को नग्न महिला की अधजली लाश मिली थी। ग्रामीणों ने नग्न लाश से लपटें उठती देखी थीं। जांच में मनमानी के पुलिस के रवैये से भयभीत ग्रामीण मुंह खोलने को तैयार नहीं है। आसपास के गांवों का भ्रमण करने पर शनिवार को दबी जुबान ग्रामीणों ने बताया कि लाश मिलने के पहले एक लग्जरी गाड़ी शायद फार्चूनर तेज रफ्तार से बेनीगंज की ओर आई और बेतवा नाला के पास लूमामऊ मार्ग पर मुड़ गई।
कुछ देर रुककर ये गाड़ी तेज रफ्तार से लूमामऊ की तरफ गई फिर लौटी और संडीला की ओर चली गई। दरअसल सुबह कोहरा पड़ रहा था इसलिए गाड़ी में कितने लोग सवार थे ये किसी ने नहीं देखा। जिस तरह ग्रामीण संकेत दे रहे हैं इससे लगता है कि महिला की हत्या की रसूख वाले लोगों का हाथ है। फार्चूनर जैसी गाड़ी सामान्य आदमी के पास नहीं हो सकती है। पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। कोतवाल उमाशंकर उत्तम ने बताया कि शव की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों और पड़ोसी जिलाें को सूचना भेजी दी गई है। अभी तक कोई भी महिला की शिनाख्त के लिए नहीं आया। 72 घंटे बाद महिला का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।