बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मक्कूपुरवा से दोस्तों के साथ सोमवार दोपहर घर से निकले अधेड़ का शव बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर ग्राम इसरापुर और परसोला के बीच पड़ा मिला। मृतक के भाई ने दो दोस्तों पर हत्या करने की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मक्कूपुरवा निवासी राम खेलावन (46) पुत्र गणपति के भाई मकरंद ने मल्लावां कोतवाली में तहरीर दी है। बताया कि राम खेलावन को गांव के ही जगतपाल और किंदर सोमवार दोपहर दो बजे घर से बुलाकर साथ ले गए थे। जगतपाल और किंदर शाम छह बजे लौट आए। राम खेलावन की पत्नी ने इन लोगों से पति के बारे में पूछा तो यह लोग कोई जानकारी नहीं दे पाए। सोमवार रात लगभग 11 बजे मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में बिलग्राम कन्नौज मार्ग पर ग्राम इसरापुर और परसोला के बीच रामसरन की मड़ैया के पास राम खेलावन मृत पड़ा था। बिलग्राम पुलिस ने घटनास्थल मल्लावां होने के कारण मल्लावां पुलिस को सूचना दी। मल्लावां का प्रभार संभाल रहे विजय प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में पत्नी, पांच पुत्रियां और दो पुत्र सुनील व सुरेंद्र हैं। मृतक के भाई मकरंद ने जगतपाल और किंदर पर हत्या करने का आरोप लगाया है। प्रभारी कोतवाल विजय प्रताप सिंह ने बताया कि घटना को लेकर तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।