बिलग्राम (हरदोई)। एक युवक ने खेत पर पिता को पानी देने जा रही नौ साल की बच्ची को दबोचकर दुष्कर्म किया। रविवार दोपहर की यह घटना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेजा है।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की लड़की पिता को खेत पर पानी देने जा रही थी। रास्ते में गांव के ही भोपाली नामक युवक ने उसे दबोच लिया और गेहूं के खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। बालिका किसी प्रकार अपने पिता के पास पहुंची और घटना की जानकारी दी। पिता बालिका को लेकर थाने आया और पुलिस को तहरीर दी। कोतवाल आरसी सोनकर ने रिपोर्ट दर्ज कर बालिका को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी होने पर एएसपी पूर्वी बीसी दुबे भी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। उन्होंने बताया कि आरोपी की उम्र लगभग 19 साल है। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है।