पाली थाना क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर में शनिवार शाम विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिवदयाल निवासी ग्राम जलालपुर कोतवाली बिलग्राम ने बताया कि उसने पुत्री रिंकी (24) की शादी पांच साल पहले पाली थाना क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर निवासी कुलदीप के साथ की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल वाले दहेज की मांग कर रहे थे। रिंकी की संतान न होने के कारण उसे प्रताड़ित करते थे। शिवदयाल ने बताया कि शनिवार सुबह रिंकी के बीमार होने की सूचना मिली। जब वह उसके घर पहुंचे तो पुत्री का शव बरामदे में जमीन पर पड़ा मिला। मृतका के पिता ने ससुरालियों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पिता की सूचना पर पुलिस ने शव का रविवार को पोस्टमार्टम करवाया। वहीं घटना के संबंध में ससुराल वाले चुप्पी साधे हैं। एसओ राजेश्वर त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिली है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।