जमीन के विवाद में अरवल थानाक्षेत्र के मंसूरपुर गांव निवासी एक व्यक्ति को गांव के ही कुछ लोगों ने घेरकर गोली मार दी। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सभी आरोपी फरार हैं। आरोपियों को पकड़ने के लिए जल्द दबिश दी जाएंगी। गोली लगने से घायल हुए मंसूरपुर गांव के रामलखन (48) पुत्र आत्माराम ने बताया कि वे देर रात जा रहे थे।
तब गांव के ही बृजेश, शिवस्वरूप, चंद्रेश और आशुतोष ने उन्हें रास्ते में घेरकर उनके ऊपर फायर कर दिया। छर्रे लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल भर्ती कराया। रामलखन के अनुसार हमलावर जमीन के विवाद में उनसे दुश्मनी मानते हैं। इसलिए उन्होंने जानलेवा हमला किया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। थाना प्रभारी राजेश यादव ने रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि की। कहा कि सभी आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जाएंगी। बहुत जल्द ही वे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।