हरदोई। समसापुर गांव के इस्माइल की हत्या अवैध संबंधों में ही हुई थी। मौके पर मिठाई का डिब्बा, टूटी चूड़ी, शक्तिवर्धक दवाएं मिलने पर अमर उजाला ने पहले ही हत्या में महिला का हाथ होने की आशंका जताई थी। मृतक का मोबाइल भी गायब था। मोबाइल सर्विलांस पर लगाकर ही पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस ने कासिमपुर थाना क्षेत्र के पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एसपी उमेश कुमार सिंह ने रविवार को पुलिस लाइन में पत्रकारों को बताया कि कछौना थाना क्षेत्र के समसापुर गांव के प्रधान अमजद के चचेरे भाई इस्माइल (45) की हत्याकर दी गई थी। 17 जुलाई को लाश गढ़ी कमालपुर के जंगल में झाड़ियों में मिली थी। मृतक का मोबाइल लापता था। मोबाइल को सर्विलांस पर लगाने के बाद हत्या के खुलासे के लिए एएसपी पूर्वी बीसी दुबे के निर्देशन में टीम बनाई गई थी।
मोबाइल से मिली लोकेशन के आधार पर पुलिस अतरौली थाना क्षेत्र के दहिनार खेड़ा गांव के इदरीश के घर तक पहुंच गई। छानबीन में पता चला कि इदरीश की पत्नी हसीना से इस्माइल के अवैध संबंध थे। पति ने हसीना और इस्माइल को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इदरीश ने दोनों के संबंध का विरोध किया। लेकिन इस्माइल मान नहीं रहा था। इस पर उसने इस्माइल की हत्या की साजिश रच डाली।
एसपी ने बताया कि इदरीश ने 12 जुलाई को पत्नी से फोन करवाकर कर इस्माइल को गढ़ी कमालपुर के जंगल में बुलाया। इस्माइल और हसीना वहां मौजूद थे, पीछे से इदरीश भी पहुुंच गया। उसने हसीना के साथ मिलकर गला दबाकर हत्या कर दी और शव झाड़ियों में फेंककर भाग निकले। पुलिस ने इदरीश के घर से इस्माइल का मोबाइल भी बरामद किया है। एसपी ने खुलासा करने वाली टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।