सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम फरीदापुर से बुधवार दिन में लगभग साढ़े ग्यारह बजे तीन बच्चों के अपहरण की सूचना से खलबली मच गई। आनन-फानन ही पुलिस सक्रिय हुई तो सुरसा के प्रभारी निरीक्षक की टीम ने तीनों बच्चों को ग्राम कैरमेर में जंगल से सकुशल बरामद कर लिया। तीनों बच्चों को ले जाने वाले दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि परिजनों को परेशान करने के उद्देश्य से तीनों बच्चों को ले गए थे।
सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम फरीदापुर निवासी सतीश (11) पुत्र रामसजीवन, आकर्षण (10) पुत्र रामभरोसे और सूरज (12) पुत्र बाबुल बुधवार को दिन में लगभग साढ़े ग्यारह बजे खेलते समय लापता हो गए। परिजनों ने अपहरण की आशंका जता यूपी 100 पर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस की अलग-अलग टीमें सक्रिय हो गईं। इसी दौरान सुरसा के प्रभारी निरीक्षक संतोष तिवारी को कुछ लोगों ने सूचना दी कि दो लोगों को तीन बच्चों के साथ कैरमेर के पास देखा था। इस पर पुलिस टीम ने कैरमेर में जांच अभियान चलाया। प्रभारी निरीक्षक की मानें तो जांच अभियान के दौरान कैरमेर में ही जंगलनुमा बाग में तीनों बच्चे और दो लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए लोगों ने अपना नाम रामबख्श पुत्र प्रहलाद और मनोज पुत्र देशपाल बताया। दोनों ही सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम बोझवां के निवासी हैं। पुलिस ने बरामद हुए तीनों बच्चों को उनके परिजनों को सौंप दिया। गिरफ्तार किए गए दोनों लोगों के विरुद्ध बच्चों से मारपीट करने औरकब्जे में रखने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। दोनों को जेल भेजा जा रहा है।