शहर की आवास विकास कालोनी में बुधवार देर रात अन्ना मवेशियों को पकड़ने गए कर्मचारियों के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। इससे एक कर्मचारी घायल हो गया। नगर पालिका की डीसीएम में तोड़फोड़ भी कर दी।
नगर पालिका ने शहर के अन्ना मवेशियों को पकड़ने के लिए एक संस्था को ठेका दे रखा है। ठेेकेदार मोहित सक्सेना के कर्मचारी नगर पालिका की डीसीएम लेकर रात को शहर में पिछले सप्ताह से अन्ना मवेशियों को पकड़ रहे हैं। बुधवार रात को कर्मचारी आवास विकास कालोनी स्थित द केयर हास्पिटल के पास अन्ना मवेशियों को पकड़ रहे थे। तभी मोहल्ले के कुछ लोगों ने इसका विरोध किया। पर, कर्मचारी नहीं मानें वह अन्ना मवेशियों को पकड़ते रहे। इसके चलते कुछ युवकों ने ठेकेदार के कर्मचारी मऊदरवाजा के गांव परतापुर निवासी सोनू पाल, डिंपल, पवन, मनोज कुमार, रामसाहय नगला निवासी हिमाचल व डीसीएम चालक सनी के साथ मारपीट कर दी। इससे सोनू पाल घायल हो गया। युवकों ने डीसीएम में तोड़फोड़ कर दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसने किसी तरह स्थिति को नियंत्रण में किया। डिंपल मोबाइल व सोनू ने छह सौ रुपये छीनने का आरोप लगाया। सूचना पर तहसीलदार सदर पहुंच गए। सफाई नायक विनय कुमार ने बताया कि कर्मचारियों के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
जलभराव के विरोध में लगाया जाम
फर्रुखाबाद। शहर के लाल सराय में डिग्गी ताल को जाने वाली गली में जलभराव होने से लोग पिछले कई दिन से परेशान थे। इसके चलते बुधवार को लोगों ने लालसराय के पास जाम लगा दिया। सूचना पर कादरीगेट चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसने लोगों को समझाकर कुछ ही देर में जाम खुलवा दिया। बाद में नगर पालिका ने सक्शन मशीन भेजकर वहां नाले को साफ कराया। ब्यूरो