प्रताप नगर। दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए एक पिता ने दामाद सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। संदिग्ध हालात में आग से जली विवाहिता ने लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में 30 नवंबर को दम तोड़ दिया था। इस संबंध में शनिवार को पिता ने बेनीगंज कोतवाली में तहरीर दी।
बघैली के नई बस्ती निवासी सुरेंद्र पुत्र मुल्ला ने मूक-बधिर बेटी पूजा की शादी पिछले साल नवंबर में बेनीगंज कोतवाली के सदियापुर गांव निवासी विनय शर्मा पुत्र मिश्री लाल के साथ की थी।
24 नवंबर की रात संदिग्ध हालात में आग लगने से जल गई थी। पति ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाने के साथ पिता सुरेंद्र को सूचना दी। इस पर सुरेंद्र परिजनों के साथ जिला अस्पताल पहुंचे।
गंभीर हालत में पूजा को लखनऊ रेफर कर दिया गया था। परिजन उसे बलरामपुर अस्पताल ले गए थे। 30 नवंबर की रात अस्पताल में पूजा ने दम तोड़ दिया।
शनिवार को पूजा के पिता ने बेनीगंज कोतवाली में तहरीर देकर पति सहित चार लोगों पर दहेज के लिए जलाकर पूजा की हत्या करने का आरोप लगाया है।
पिता का आरोप है कि विनय दहेज में बाइक की मांग कर रहा था। मांग पूरी न करने पर उसे प्रताड़ित किया जाता था। कोतवाल श्याम नारायण द्विवेदी ने बताया कि मामले की जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।