बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हैवतपुर निवासी किसान की हत्या धारदार हथियारों से वार कर की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर गांव के ही चचेरे भाइयों सहित तीन लोगों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी फरार हैं।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हैवतपुर निवासी देवी प्रसाद (55) पुत्र ललई शनिवार शाम लगभग पांच बजे घर से राशन लेने गया था। रविवार सुबह देवी प्रसाद का शव गांव के दक्षिण में स्थित ईंट भट्ठे के निकट मिला था। प्राथमिक जांच में पुलिस ने सिर में गोली मारकर हत्या किए जाने की बात कही थी, लेकिन पोस्टमार्टम में इसकी पुष्टि नहंीं हुई है। विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि पोस्टमार्टम में पता चला है कि देवी प्रसाद के माथे पर धारदार हथियार के तीन वार किए जाने के निशान मिले हैं, तो सिर के पिछले हिस्से, होठ और गाल पर भी निशान हैं। उधर दूसरी ओर प्रभारी निरीक्षक बिलग्राम अमरजीत सिंह ने बताया कि मृतक के पुत्र अरविंद की तहरीर पर गांव निवासी राहुल पुत्र बाबू, आकाश पुत्र गंगाराम और महेंद्र पुत्र भन्नू के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। राहुल और महेंद्र चचेरे भाई हैं। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।