पाली। थाना क्षेत्र के मोहल्ला पटियानी निवासी युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक को चोरी के आरोप में गांव के कुछ लोगों पर पीटने का आरोप है। परिजनों ने पुलिस को दी गई तहरीर में पिटाई से गंभीर चोटें आने से मौत का आरोप लगाया है। पुलिस ने चार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
पाली थाना क्षेत्र के पटियानी निवासी वेद प्रकाश उर्फ वेदू (40) के सोमवार को पेट में तेज दर्द हुआ था। परिजनों ने गांव में डाक्टर से उसकी जांच कराई। डाक्टर ने उसकी हालत गंभीर बताई। इस पर परिजन उसे शाहजहांपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां पर उसकी मौत हो गई। छोटे भाई मुकेश की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। उसका आरोप है कि तीन दिन पहले गांव के एक व्यक्ति के अहाते में खड़ी कार से बैट्री चोरी हो गई थी। कार मालिक बैट्री चोरी करने के आरोप में वेद प्रकाश को घर से पकड़कर अहाते में ले थे। जहां पर कार मालिक और उसके साथियों ने वेदप्रकाश की पिटाई करने के बाद छोड़ दिया। वहां से आने के बाद वेद प्रकाश के पेट में तेज दर्द होने लगा।
घटना के संबंध में थाना प्रभारी डीएम मिश्र ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर गांव निवासी सुबोध पुत्र अलगू, हिमांशु पुत्र श्याम प्रकाश, टिंकू पुत्र अरविंद समेत चार लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। उन्होेंने बताया कि घटना की जांच करा रहे हैं, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।