पिहानी क्षेत्र पंचायत की बैठक में ब्लॉक प्रमुख सरिता के दाएं बैठे वांछित आरोपी जेपी गुप्ता और दाएं बैठक को संबोधित करते बीडीओ बृजेश हलवाई।
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा से शराब तस्करी करने के आरोपी जेपी गुप्ता को पिहानी पुलिस 28 दिन से ढूंढ रही है, जबकि वह बुधवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक में करीब एक घंटे सरकारी मेहमान बना रहा। ब्लाक प्रमुख पत्नी के बगल में बैठकर उसने अपने निर्देशन में ही बैठक की कार्रवाई संपन्न करवाई। शराब माफिया जयप्रकाश गुप्ता उर्फ जेपी गुप्ता और उनके परिजनों के नाम शराब की कई दुकानों के लाइसेंस हैं। जेपी की पत्नी सरिता गुप्ता पिहानी की ब्लाक प्रमुख हैं।
28 सितंबर को जेपी गुप्ता की दुकान से हरियाणा प्रदेश की दो अंग्रेजी शराब, नकली होलोग्राम, खाली बोतल आदि बरामद किया। आबकारी इंस्पेक्टर की तहरीर पर पुलिस ने जेपी गुप्ता और उनकी दुकान के कर्मचारी राम किशोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने रामकिशोर को गिरफ्तार कर लिया था लेकिन 28 दिन बाद भी जेपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस जेपी को जिले से बाहर फरार होने का बहाना बना रही है। जेपी गुप्ता बीडीसी सदस्य भी हैं।
बुधवार को पिहानी ब्लॉक में क्षेत्र पंचायत की बैठक में वह मौजूद रहे। ब्लाक प्रमुख सरिता गुप्ता के एक तरफ बीडीओ बृजेश कुमार हलवाई और दूसरी तरफ जेपी गुप्ता बैठे थे। बीडीओ ने पुलिस को सूचना देने की बजाए उसके सामने मीठा, नमकीन कई तरह का नाश्ता परोसकर खूब खातिरदारी की। बैठक के बाद ब्लॉक प्रमुख और पत्नी सरिता गुप्ता के साथ जेपी गुप्ता आराम से निकल गए।
पिहानी कोतवाली प्रभारी कुलदीप सिंह सेंगर ने बताया कि जेपी गुप्ता की दुकान से हरियाणा की शराब बरामद हुई थी। इस मामले में वह फरार हैं। जेपी गुप्ता के क्षेत्र पंचायत की बैठक में शामिल होने की सूचना नहीं मिली। मैं टडियावां में मीटिंग में था। गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।