हरदोई। संडीला कोतवाली पुलिस ने अंतरजनपदीय बाइकर्स गैंग का रविवार को भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गैंग के सरगना समेत पांच को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक सहित सोने-चांदी के जेवरात व सामान बरामद किया है।
एसपी उमेश कुमार सिंह ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में गिरफ्तार किए गए बाइकर्स गैंग के सदस्यों के बारे में पत्रकारों को जानकारी दी। बताया कि गैंग का सरगना मनोज रैदास पुत्र तेजा निवासी बाबीगंज लकड़मंडी थाना सहादत नगर लखनऊ हिस्ट्रीशीटर रहा है। हरदोई व लखनऊ के थानों में उसके विरुद्ध लगभग 20 मुकदमे दर्ज हैं। ये लोग बाइकों के साथ ही घरों से चोरियों की वारदात भी अंजाम देते रहे हैं।
शनिवार की देर शाम संडीला क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। सूचना मिली कि शीतला मंदिर के पीछे बंद पडे़ एक ईंट-भट्ठे में कुछ बाइकें खड़ी हैं व अंदर संदिग्ध लोग मौजूद हैं। इस पर पुलिस टीम ने ईंट-भट्ठे पर छापमार कर ताज मोहम्मद उर्फ छोटे, सफीक व लाईक अहमद उर्फ बाबा तीनों सदस्य संडीला निवासी और शकील निवासी छटोइया थाना काकोरी लखनऊ को गिरफ्तार किया। उनके पास से एक जोड़ी सोने के टाप्स, तीन जोड़ी चांदी के पायल, चार मोबाइल और छह बाइकें मिली हैं।
एसपी ने बताया पूछताछ में गैंग के सरगना मनोज रैदास ने 20 जुलाई को संडीला के मोहल्ला मंडई निवासी एडवोकेट कमर अहमद के घर से चोरी का जुर्म स्वीकार किया। मनोज व ताज मोहम्मद हिस्ट्रीशीटर हैं। गैंग के तीन अन्य सदस्यों पर भी विभिन्न थानों में रिपोर्ट दर्ज है। एसपी ने गैंग का भंडाफोड़ करने वाली टीम को पांच हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।