पचदेवरा (हरदोई)। पचदेवरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सहुआपुर में तिलक समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में गोली लगने से किसान की मौत हो गई। मृतक के पुत्र की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
सहुआपुर निवासी दिनेश सिंह के पुत्र राहुल का सोमवार शाम तिलकोत्सव था। तिलक चढ़ाने के लिए शाहजहांपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मिर्जापुर बहेरिया से लोग आए थे। देर रात गांव निवासी मनीष पुत्र गंगाभक्त बंदूक से हर्ष फायरिंग करने लगा। इसी दौरान छत पर खड़े होकर तिलक देख रहे किसान राजबहादुर (55) पुत्र सिकदार के गोली जा लगी। कनपटी में गोली लगने से वह छत से नीचे आ गिरा। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, राजबहादुर ने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने राजबहादुर के पुत्र शरदवीर को घटना की जानकारी दी। सीओ शाहाबाद उमाशंकर सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों से पूछताछ की। मंगलवार दोपहर तक दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौते की कोशिश होती रही। दोपहर बाद मृतक के पुत्र शरदवीर की तहरीर पर मनीष के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राजबहादुर के परिवार में पत्नी विटाना, पुत्र शरदवीर और दो पुत्रियां कुसुमा व शिल्पी हैं।