बेनीगंज। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चठिया में मां-बेटे के जिंदा जलने के मामले में शनिवार को नया मोड़ आ गया। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित पांच लोगों के विरुद्ध दहेज के लिए जलाकर मारने की रिपोर्ट दर्ज की है।
15 अप्रैल को चठिया निवासी रतिराम की पत्नी अरुणा (28) और उसके डेढ़ वर्षीय पुत्र अहम की आग से जलकर मौत हो गई थी। तब घरेलू कलह के कारण अरुणा के पुत्र संग खुद को जलाने की बात सामने आई थी। मृतका की पुत्री ने पुलिस को पूरी घटना बताई थी। खेत में काम कर रहे अरुणा के पति रतिराम ने मां-बेटे की मौत की खबर सुनकर जहर खा लिया था। अब उसकी हालत ठीक है। मामले में अरुणा के भाई रामशरण निवासी पुरवा थाना बघौली ने रतिराम, उसके पिता महेश, मां, चाची और चाचा बुद्धा के विरुद्ध दहेज के लिए अरुणा को जलाकर मार डालने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। तहरीर में रामशरण ने बताया है कि उसके पिता रामचंद्र रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। वर्ष 2013 में उनकी मौत हो गई थी। विभाग से पिता के देयक मां रजनी को मिले थे। मोटरसाइकिल और तीन लाख रुपये की मांग अरुणा के ससुराली कर रहे थे। रामशरण ने बताया कि उसने बहन की शादी सात वर्ष पूर्व की थी। प्रभारी निरीक्षक बेनीगंज शिवशंकर सिंह ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।