अमर उजाला ब्यूरो
हरियावां। हरियावां थाना क्षेत्र के ग्राम भदेवरा में दोस्तों द्वारा तालाब पार करने की चुनौती साधने में टेंपो चालक की जान चली गई। दोस्त तो तालाब पार कर गए लेकिन उसकी डूबने से मौत हो गई।
हरियावां थाना क्षेत्र के ग्राम भदेवरा निवासी अरुण शर्मा (21) पुत्र रामप्रकाश अपना टेंपो हरदोई से हरियावां तक चलाता था। बुधवार को बारिश के कारण उसने टेंपो नहीं निकाला। गांव में ही वह दोस्तों विकास और प्रेम के साथ घूम रहा था। घूमते-घूमते तीनों दोस्त गांव के किनारे स्थित तालाब पर पहुंच गए। इसी दौरान विकास और प्रेम ने अरुण को तालाब पार करने की चुनौती दी। विकास और प्रेम तो तालाब पार कर गए, लेकिन अरुण बीच तालाब में गहरे पानी में डूबने लगा। यह देखकर विकास और प्रेम ने शोर मचा दिया तो उधर से निकल रहे ग्रामीणों ने केले के बड़े-बड़े पत्ते तालाब में डालकर उसे बचाने की कोशिश की। लेकिन अरुण डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने तालाब से शव निकाल लिया। मृतक चार भाइयों मे दूसरे नंबर का था।
दोस्तों की चुनौती साधने में जिंदगी हारा टेंपो चालक
- तालाब पार करने को कहा, दोस्त बचे, खुद डूबकर मरा