हरदोई। लखनऊ चुंगी पर पुलिस अधीक्षक के आकस्मिक निरीक्षण में अवैध वसूली में लिप्त चार होमगार्डों को ड्यूटी से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। जिला कमांडेंट ने एसपी के पत्र पर कार्रवाई करते हुए निदेशालय को भी रिपोर्ट भेज दी है।
आम लोगों की शिकायत मिलने पर दो दिन पहले पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने लखनऊ चुंगी पर आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चारों होमगार्डों को अवैध वसूली करते पकड़ा। उन्होंने इसमें संलिप्त चारों होमगार्डों को हटाने के लिए पत्र होमगार्ड कमांडेंट को भेजा। पत्र मिलने पर जिला कमांडेंट होमगार्ड राघवेंद्र शुक्ला ने चारों होमगार्ड पारस सिंह, राजेश्वर, आकाश वर्मा व प्रमोद को ड्यूटी से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। उन्होंने बताया कि इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निदेशालय को इससे अवगत करा दिया है, संभावना है कि ऐसे प्रकरण में आरोपी होमगार्डों के विभाग में आजीवन ड्यूटी करने पर भी रोक लगाई जा सकती है। इसके साथ अन्य कार्रवाई भी हो सकती हैं।
नहीं हो सकेगी इन जवानों की पूर्ति
हरदोई। लखनऊ चुंगी चौराहे पर हटाए गए चारों होमगार्ड जवानों के स्थान पर अन्य जवानों की ड्यूटी नहीं लगाई जा सकती। जिला कमांडेंट का कहना है कि ड्यूटी साफ्टवेयर के माध्यम से एनआईसी से आती हैं किसी अन्य जगह से यहां पर किसी को नहीं लगाया जा सकता। इस चौराहे पर होमगार्ड अगला शेड्यूल बनने तक नहीं लगाए जा सकेंगे।