लूट की रिपोर्ट दर्ज नहीं करने पर एसडीएम खफा
सवायजपुर। पुलिस ने सवायजपुर तहसील में कार्यरत लेखपाल के साथ बुधवार की रात हुई लूट की वारदात की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। मामला संज्ञान में आने के बाद एसडीएम ने पुलिस के रवैये पर नाराजगी जाहिर की है। एसडीएम श्रद्धा शांडिल्यान ने इंस्पेक्टर को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार की रात तहसील से काम निपटा कर बाइक से घर जा रहे लेखपाल रामलाल राणा से रास्ते में ककरउवा ईंट भट्ठा के बाद बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचा दिखाकर लूट पाट की थी। बदमाश लेखपाल से छह हजार की नगदी, दो मोबाइल, एटीएम व सरकारी अभिलेख लूट ले गए थे। हालांकि कुछ दूरी पर बदमाशों ने अभिलेेख फेंक दिए थे।
इधर घटना के बाद लेखपाल ने सवायजपुर चौकी इंचार्ज सुखराम सिंह को वारदात की जानकारी दी थी। गुरुवार को भी लेखपाल ने थाने पहुंच कर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी थी। शुक्रवार को मामला संज्ञान में आने के बाद एसडीएम सवायजपुर श्रद्धा शांडिल्यान ने पुलिस के रवैये पर नाराजगी जाहिर की। एसडीएम ने लोनार के प्रभारी कोतवाल अरविंद सिंह को तहसील बुलाकर उन्हें फटकार लगाई और रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम श्रद्धा शांडिल्यान ने बताया कि उन्होंने डीएम को पूरे मामले की रिपोर्ट भेजी है।
तहरीर में खेल करना चाहती थी पुलिस
सवायजपुर। लेखपाल के साथ बुधवार की रात हुई लूट की वारदात को पुलिस लगातार दबाने की कोशिश करती रही। लेखपाल ने एसडीएम को तहरीर बदले जाने की बात बताई है। बताया कि पुलिस ने उनकी तहरीर की जगह नई तहरीर लिखवाई। इसमें लूट की जगह सामान गिरने की बात लिखवाई गई थी। प्रभारी कोतवाल अरविंद सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
- कोतवाल को दिए रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो