बेनीगंज। ग्राम कल्यानमल में होलिका दहन के स्थान पर कब्जा जमाए समुदाय विशेष के युवक ने ग्रामीणों को होलिका लगाने से रोक दिया। इससे ग्रामीण भड़क गए। होलिका दहन के स्थान को लेकर विवाद होने की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया और होलिका दहन के स्थान को खाली करा दिया।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कल्यानमल में अरसे से ग्राम समाज की भूमि पर होलिका दहन किया जाता है। होलिका दहन के स्थान पर कुछ दिन पहले ही गांव के ही समुदाय विशेष के युवक ने पॉलिथीन डालकर कब्जा कर लिया। मंगलवार को मौके पर पहुंचे गांव के लोगों ने उसी स्थान पर होलिका दहन के लिए लकड़ियां लगाना शुरू कीं तो आरोपी गाली गलौज करने लगा। इस पर ग्रामीणों ने ऐतराज जताया। होलिका दहन के स्थान को लेकर विवाद होने की जानकारी मिलते ही भाजपा की मंडल अध्यक्ष प्रदीप सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध जताने लगे। कल्यानमल चौकी इंचार्ज रामलाल सोनकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और नाराज ग्रामीणों को शांत कराया। इस बीच आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कब्जा हटाने को कहा तो आरोपी की पत्नी ने पुलिस टीम के साथ अभद्रता की। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने अतिक्रमण हटवाकर होलिका दहन के स्थान को खाली कराया। भूमि खाली होने के बाद वहां होलिका लगवाई गई। कोतवाल शिवशंकर सिह ने बताया कि अगर किसी ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की तो पुलिस कार्रवाई करेगी।