लोनार (हरदोई)। लोनार थाना क्षेत्र के ग्राम नस्योली गोपाल निवासी अधेड़ का शव उसके निमार्णाधीन मकान में पड़ा मिला। शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। मृतक के भांजे ने उसकी गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
लोनार थाना क्षेत्र के ग्राम नस्योली गोपाल निवासी रामेश्वर (55) पुत्र मंगली ने पत्नी की मौत के बाद भांजे और उसकी पत्नी को घर पर रहने के लिए बुला लिया था। रामेश्वर रोज रात में पास में स्थित अपने निर्माणाधीन मकान में रुकने जाता था। सोमवार सुबह रामेश्वर काफी देर तक घर नहीं आया तो भांजा श्रवण निवासी ग्राम पकरी उसे बुलाने निर्माणाधीन मकान गया। वहां मामा का शव देख उसके होश उड़ गए। उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। रामेश्वर की पत्नी की मौत काफी पहले हो चुकी है, जबकि उसके इकलौते बेटे की भी कुछ साल पहले हादसे में मौत हो चुकी है। उसके पास नाम मात्र की खेेती के साथ पुराना मकान भी है।
परिजनों ने बताया कि पिछले तीन साल से रामेश्वर ने भांजे श्रवण व उसकी पत्नी को अपने घर में रख लिया था। दोनों रामेश्वर की देखभाल करते थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसओ विनोद शर्मा ने बताया कि भांजे श्रवण की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।