सवायजपुर। तहसील के ब्लाक भरखनी के ग्राम पंचायत जूरा के प्रधान सीताराम ने गांव के ही पूर्व प्रधान के पिता पर ग्राम सभा की 67 बीघा बंजर भूमि हड़पने का आरोप लगाया है। बताया कि आरोपी ने वर्ष 2005 में फर्जी नकल के आधार पर एसडीएम कोर्ट से अपने पक्ष में आदेश करा लिया। प्रधान ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर पूरे मामले की जांच कराने व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्रधान सीताराम ने डीएम पुलकित खरे को भेजे गए शिकायती पत्र में बताया कि गांव के ही रहने वाले हरिराम पुत्र भगवंत ने अपने पुत्र व पूर्व प्रधान पप्पू की मदद से से ग्राम सभा की 67 बीघा बंजर भूमि वर्ष 2005 में फर्जी नकल के आधार पर एसडीएम कोर्ट से अपने नाम करा ली। बताया कि जब मामला तूल पकड़ा तो आरोपी ने तहसील कर्मियों की मदद से मामले की फाइल ही गायब करा दी। प्रधान सीताराम ने बताया कि उसने तत्कालीन उप जिलाधिकारी सर्वेश गुप्ता से जब मामले शिकायत की तो उन्होंने 22 मार्च को आरोपी हरीराम को नोटिस कर 27 मार्च को अभिलेखों के साथ कार्यालय में प्रस्तुत होने के निर्देश दिए थे। तीन माह बीत गए हैं, लेकिन अब तक आरोपी एसडीएम के सामने हाजिर नहीं हुआ। प्रधान ने पूरे मामले की जांच कराने व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। एसडीएम दिग्विजय प्रताप सिंह ने बताया मामला उनके संज्ञान में आया है जांच करवा आगे कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम सभा की 67 बीघा भूमि हड़पने का आरोप
सवायजपुर तहसील के ग्राम जूरा का मामला
नोटिस के बाद भी एसडीएम कोर्ट में नहीं हाजिर हुआ पूर्व प्रधान का पिता
अमर उजाला ब्यूरो