अमर उजाला ब्यूरो
भरावन। थाना अतरौली क्षेत्र के ग्राम कसियापुर मजरा भरावन में तीन सप्ताह पूर्व ससुराल में हुई महिला की मौत के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को हत्यारोपी सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अन्य परिजनों के जिम्मेदारी उठाने से इनकार करने पर दादी के साथ मासूम पौत्री को भी जेल जाना पड़ा।
ग्राम कसियापुर मजरा भरावन निवासी पूजा (24) पत्नी रामगुलाम की तीन सप्ताह पूर्व घर में संदिग्ध हालात मेें मौत हो गई थी। इस मामले में पूजा की मां जयदेवी पत्नी जयकरन निवासी ग्राम कोरौंध थाना अतरौली ने पति और सास समेत पांच लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया था। जयदेवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया था कि पति समेत अन्य परिजन पूजा को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। 8 सितंबर की दोपहर पति रामगुलाम, ससुर लालबिहारी, सास सावित्री, जेठ रामरतन और देवर जागेश्वर ने दहेज में सोने की चेन व बाइक न मिलने के कारण पूजा के गले में रस्सी का फंदा लगाकर उसकी हत्या कर दी।
तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। पुलिस आरोपी पति रामगुलाम व ससुर लालबिहारी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। शुक्रवार को पुलिस ने सास सावित्री को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घर में और किसी के जिम्मेदारी न लेने पर सास सावित्री, बहू पूजा की छह माह की बेटी वैशाली को भी जेल ले गई। घर पर वैशाली की बुआ रामादेवी, रेशमा, चाची गीता, विश्वमोहनी समेत अन्य लोग भी हैं, लेकिन सावित्री के गिरफ्तार होने के बाद मासूम वैशाली को कोई भी साथ रखने को राजी नहीं हुआ।
मां की हत्यारोपी दादी के साथ मासूम को भी जाना पड़ा जेल
- मां ने ससुरालीजनों के खिलाफ दर्ज कराया था दहेज हत्या का मामला