अमर उजाला ब्यूरो
भरावन। गुरुवार रात घर वापस जा रहे कार सवार युवक को रास्ते में तीन लोगों ने रोककर मारपीट की। आरोपियों ने युवक के पैर में गोली मार दी और भाग गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले में रंजिश की बात सामने आई है।
अतरौली थाना क्षेत्र के खसरौल निवासी अमित सिंह (30) पुत्र राजेश सिंह गुरुवार रात कोरौंध निवासी विवेक सिंह के घर आयोजित बरसी में गया था। रात लगभग साढ़े नौ बजे वह कार से घर वापस जा रहा था। रास्ते में श्यामदासपुर और सिकंदरपुर के बीच भुलभुला गांव निवासी सूरज सिंह भदौरिया पुत्र सुरेंद्र सिंह ने दो साथियों के साथ उसे रोक लिया। आरोपियों ने अमित के साथ मारपीट की। विरोध करने पर उस पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली अमित के बाएं पैर के निचले हिस्से में लगी। पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए। घायल अमित को सीएचसी ले जाया गया। पुलिस ने अमित की तहरीर पर शुक्रवार को आरोपी सूरज सिंह व उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अमित ने आरोपियों से रंजिश होने की बात कही है। प्रभारी निरीक्षक दीनानाथ मिश्र ने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
रंजिश में युवक को मारी गोली, रिपोर्ट दर्ज
- कार से घर लौटने के दौरान की मारपीट
- विरोध पर तमंचे से किया फायर