अमर उजाला ब्यूरो
माधौगंज। माधौगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव निवासी युवक पत्नी से छेड़छाड़ किए जाने की रिपोर्ट दर्ज न किए जाने से नाराज होकर थाने के बाहर लगे बरगद के पेड़ पर चढ़ गया। उसने फांसी का फंदा भी बना लिया। वह फांसी लगाता, इससे पहले माधौगंज के प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल सहित मौके पर पहुंच गए। आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने पर युवक पेड़ से नीचे उतरा।
माधौगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुरसठ चौकी के तहत आने वाले एक गांव निवासी महिला का पांच दिन पूर्व एक युवक से विवाद हो गया था। युवक ने उससे छेड़छाड़ की थी। महिला के पति ने घटना के संबंध में कुरसठ चौकी में तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस एक युवक को ले आई। दिन भर चौकी में रखने के बाद उसे छोड़ दिया। इसके बाद मंगलवार को उक्त युवक हरदोई में पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्र से मिला और घटना की जानकारी दी। इस पर एसपी ने मामले की रिपोर्ट दर्ज किए जाने के आदेश देते हुए युवक से बुधवार को माधौगंज थाने जाने को कहा। बुधवार को युवक पत्नी के साथ थाने पहुंचा। युवक का आरोप है कि उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई तो वह थाने के बाहर सड़क किनारे लगे बरगद के पेड़ पर चढ़ गया। पेड़ पर चढ़कर वह घटना के बारे में जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसने पेड़ पर ही चढ़कर फांसी का फंदा बना लिया और लटक जाने की धमकी देने लगा। थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सोनकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उसे समझाया। लगभग एक घंटे बाद जब युवक को पत्नी की तहरीर पर गांव निवासी तीन लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई, तब वह पेड़ से उतरा। घटनाक्रम के दौरान बिलग्राम माधौगंज मार्ग पर जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराने को पेड़ पर चढ़ा युवक
- थाने के बाहर पेड़ पर चढ़ फंदा बनाया
- रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पेड़ से उतरा युवक